West Bengal : पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में एक व्यक्ति की मौत ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। करिसुंडा गांव पहुंचे CJP नेता आशुतोष रांका ने मृतक के परिवार से मुलाकात की और राज्य सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है। रांका ने मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाये। उन्होंने इंडास थाने में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की अदालत की निगरानी में जांच कराने की मांग उठाई। यह मामला इंडास थाना क्षेत्र के करिसुंडा गांव का है। इल्जाम है कि जनाब माफिक के घर पर हमला हुआ था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गये थे। उन्हें पहले इंडास ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर 15 अगस्त को बर्दवान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान शनिवार रात उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
परिवार से मिले रांका, सरकार को 10 दिन का समय
दिल्ली से अपने सहयोगियों के साथ गांव पहुंचे आशुतोष रांका ने मृतक के बेटे शेख अब्दुल हाफीज और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। मुलाकात के बाद रांका ने कहा कि सरकार को 10 दिन के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार को पुलिस प्रशासन की ओर से पर्याप्त मदद नहीं मिली। रांका ने यह भी दावा किया कि हाफिज और उसकी मां कुछ ऐसे संदिग्ध लोगों के बारे में जानते हैं, जिनकी अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। रांका के मुताबिक, परिवार ने कथित तौर पर सरकारी मुआवजा लेने से इनकार कर दिया है। मृतक के बेटे हाफिज ने इसके बजाय अपने पिता की स्मृति में उसी इलाके में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्कूल बनाने की मांग रखी है। हाफिज का कहना है कि ऐसा स्कूल उनके पिता के लिये सच्ची श्रद्धांजलि होगा और शिक्षा के सवाल पर जनभागीदारी का एक नया मॉडल भी बन सकता है। हाफिज की इस मांग के समर्थन में रांका ने सीजेपी की ओर से ‘स्कूल ठीक करो’ राज्यव्यापी अभियान शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी हाफिज को वित्तीय सहायता भी देगी। इस अभियान के जरिये सरकारी स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं और उनकी कमियों को सामने लाने की बात कही गई है।








