Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा सदर और कांडी प्रखंड में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार प्रखंड प्रमुख के चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। अविश्वास प्रस्ताव के बाद से खाली पड़े प्रमुख पद पर काबिज होने के लिये अब पंचायत राजनीति में हलचल तेज हो गई है। गांव-गलियों से लेकर प्रखंड कार्यालय तक, हर तरफ चुनावी सुगबुगाहट सुनाई देने लगी है। प्रशासन ने दोनों प्रखंडों में पंचायत समिति प्रमुख पद के अप्रत्यक्ष निर्वाचन के लिये पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। सदर प्रखंड में 8 जनवरी, वहीं, कांडी प्रखंड में 19 जनवरी को मतदान कराया जायेगा। इसी के साथ राजनीतिक जोड़-तोड़ और समर्थन जुटाने का दौर भी तेज हो गया है। चुनाव की कमान सदर SDO संजय कुमार को सौंपी गई है, जिन्हें दोनों प्रखंडों के लिये अध्यक्ष-सह-निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिये सहायक निर्वाची पदाधिकारियों की भी तैनाती कर दी गई है। गढ़वा सदर प्रखंड के लिये अंचल अधिकारी मोहम्मद सफी आलम एवं कांडी प्रखंड के लिये अंचल अधिकारी राकेश सहाय को जिम्मेदारी सौंपी गई है। निर्वाची पदाधिकारी संजय कुमार ने जानकारी दी कि दोनों प्रखंडों में चुनाव संबंधित प्रखंड कार्यालय परिसरों में ही कराये जायेंगे। प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और सुरक्षा व पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जायेगा।






