Ranchi : झारखंड पुलिस के प्रशिक्षण और आधुनिकीकरण को नई दिशा देने के लिये ADG सुमन गुप्ता की अध्यक्षता में i-Got कर्मयोगी पोर्टल पर निबंधन एवं प्रशिक्षण से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई। यह बैठक पुलिस मुख्यालय सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। जिसमें IG (प्रशिक्षण) ए. विजयालक्ष्मी, सहित सभी जिलों के पुलिस कप्तान और रेल पुलिस अधीक्षक (जमशेदपुर एवं धनबाद) शामिल हुये। बैठक में ADG सुमन गुप्ता ने सभी पुलिस कप्तानों को यह स्पष्ट निर्देश दिया कि i-Got कर्मयोगी पोर्टल पर प्रशिक्षण की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा की जायेगी। इसके तहत प्रत्येक जिले को यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी अनुसंधान अधिकारी निर्धारित पाठ्यक्रमों को पूरा करें। वहीं, प्रशिक्षण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
i-Got कर्मयोगी पोर्टल झारखंड पुलिस को आधुनिक तकनीक और नैतिक प्रशिक्षण से लैस करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस पहल से पुलिस बल न केवल व्यावसायिक दक्षता बढ़ा सकेगा, बल्कि साइबर सुरक्षा और कार्यस्थल पर नैतिकता जैसी महत्वपूर्ण विषयों पर भी अपडेट रहेगा। बैठक में केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा विकसित i-Got कर्मयोगी पोर्टल पर पुलिस अनुसंधान पदाधिकारियों के प्रशिक्षण की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान निम्नलिखित छह अनिवार्य पाठ्यक्रमों को निश्चित रूप से पूर्ण करने पर जोर दिया गया…
- Code of Conduct for Government Employees (सरकारी कर्मचारियों के लिए आचार संहिता)
- Prevention of Sexual Harassment of Women at Workplace (कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम)
- Introduction to Emerging Technologies (नई तकनीकों का परिचय)
- Stay Safe in Cyber Space (साइबर स्पेस में सुरक्षित रहने के उपाय)
- Orientation Module on Mission Life (मिशन लाइफ का ओरिएंटेशन मॉड्यूल)
- Yoga Break at Workplace (कार्यस्थल पर योग विश्राम)
अबतक 3769 IO ने किया निबंधन
बैठक के दौरान समीक्षा से यह स्पष्ट हुआ कि बीते एक सप्ताह में 3769 अनुसंधान अधिकारियों ने i-Got कर्मयोगी पोर्टल पर निबंधन कर लिया है। इसे और तेज करने के लिये पुलिस कप्तानों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिये गये। ताकि अगले एक माह में सभी अनुसंधान पदाधिकारियों का 100% निबंधन सुनिश्चित किया जा सके।






