Ranchi : झारखंड पुलिस मुख्यालय में आज DGsP/IGsP Conference 2025 की तैयारी को लेकर राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गृह सचिव वंदना दादेल और DGP तदाशा मिश्र ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में सभी जिले के पुलिस कप्तानों को नवीनतम पुलिसिंग नीतियों, बीट पुलिसिंग, सामुदायिक सहभागिता, साइबर सुरक्षा, मादक पदार्थ नियंत्रण, महिला सुरक्षा और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कल्याण गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये गये। इसके अलावा सोशल मीडिया और डिजिटल तकनीक के माध्यम से पुलिस कार्यों के प्रचार-प्रसार, अपराध जांच में ई-कोर्ट और एनालिटिक्स टूल का प्रभावी उपयोग करने का भी सुझाव दिया गया। बैठक में सभी क्षेत्रीय, जिला और थाना स्तर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, अनुसंधानकर्ता और अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने आगामी सम्मेलन के बिंदुओं पर अनुपालन सुनिश्चित करने, नये अपराधिक कानूनों का क्रियान्वयन और समाज में जागरूकता अभियान चलाने पर चर्चा की। झारखंड पुलिस मुख्यालय के मीडिया सेल के अनुसार, यह बैठक राज्य में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




