Bihar : बिहार के जहानाबाद में स्मैक तस्करों ने टाइगर मोबाइल जवान धनेश्वर यादव की कथित तौर पर अगवा कर हत्या कर दी। इसके बाद शव दरधा नदी में फेंक दिया। शनिवार को जवान का शव काको थाना क्षेत्र के नदियावां गांव के पास बरामद हुआ। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर शाम धनेश्वर यादव नगर थाना क्षेत्र के एसएस कॉलेज इलाके में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ छापेमारी करने निकले थे। इसी दौरान वह लापता हो गये। उनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी थीं। दो दिन बाद नदी में उनका शव मिला। वह मूल रूप से आरा के रहने वाले थे।
चार अरेस्ट, फॉरेंसिक टीम ने जुटाये साक्ष्य
शव मिलने की सूचना पर मगध रेंज के IG विकास वैभव, SP कोटा किरण कुमार समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने जवान की सरकारी पिस्टल, मोबाइल और पर्स भी बरामद किया है। SP कोटा किरण कुमार के मुताबिक, मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।








