Bihar : दिवाली की तैयारी में जुटा एक परिवार अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। बिहार की राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र के हीरामनपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान एक पक्ष ने पिता और उनके तीन बेटों को गोली मार दी। चारों घायलों को इलाज के लिए NMCH में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गयी। पीड़ित महिला मीरा देवी के अनुसार, परिवार के लोग दिवाली के लिए घर की सजावट कर रहे थे। तभी सगे-संबंधियों का एक पक्ष गाली-गलौज करते हुये घर में घुस आया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने पथराव भी किया। घायलों में सुधीर कुमार, कौशल कुमार समेत चार लोग शामिल हैं। सूचना मिलते ही फतुहा DSP अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। DSP के मुताबिक, गोलीबारी में चार लोग घायल हुये हैं। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। शुरुआती तौर पर घटना की वजह पुराना जमीन विवाद बताया जा रहा है।








