Kohramlive : PM नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर नवनिर्मित कर्तव्य भवन-3 को राष्ट्र को समर्पित किया। सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत बनने वाले 10 नये केंद्रीय सचिवालय भवनों में यह तीसरा भवन तैयार हुआ है। कर्तव्य भवन-1 और 2 भी अगले महीने तक बनकर तैयार हो जायेंगे, जबकि भवन-6 और 7 के निर्माण को अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
करीब 1.5 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला कर्तव्य भवन-3 गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, ग्रामीण विकास, एमएसएमई, डीओपीटी, पेट्रोलियम और प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार जैसे प्रमुख मंत्रालयों के आधुनिक कार्यालयों से लैस है। स्मार्ट एंट्री सिस्टम, CCTV कमांड सेंटर, सोलर पैनल, EV चार्जिंग स्टेशन और अपशिष्ट जल प्रबंधन जैसी अत्याधुनिक व पर्यावरण-अनुकूल सुविधाओं के साथ भवन को 30% कम ऊर्जा खपत वाला बनाया गया है।
सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का उद्देश्य पुराने और बिखरे हुये मंत्रालयों को एकीकृत कर दक्षता बढ़ाना है। परियोजना पूरी होने पर सरकार हर वर्ष किराये पर खर्च होने वाले करीब ₹1500 करोड़ की बचत कर पायेगी। मौजूदा कृषि भवन, उद्योग भवन, शास्त्री भवन व निर्माण भवन को चरणबद्ध तरीके से तोड़ा जायेगा और मंत्रालयों को नये कर्तव्य भवनों में स्थानांतरित किया जायेगा। सेंट्रल विस्टा के तहत भविष्य में नॉर्थ-साउथ ब्लॉक को खाली कर भारत संग्रहालय में परिवर्तित किया जायेगा, जबकि नये PM आवास और प्रधानमंत्री कार्यालय सहित कार्यकारी एन्क्लेव का निर्माण भी 2031 तक पूरा करने की योजना है।
#WATCH प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के कर्तव्य पथ पर कर्तव्य भवन का उद्घाटन किया।
(सोर्स:डीडी न्यूज) pic.twitter.com/k1Lz3BGgRp
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 6, 2025











