Kohramlive : आसमान में उड़ता एक विमान अचानक अपनी सामान्य ऊंचाई से तेजी से नीचे आने लगा, यह घटनाक्रम ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA295 के साथ हुआ, जिसने सोमवार को आयरलैंड के आसमान के ऊपर उड़ान भरते हुये इमरजेंसी घोषित कर दी। यह बोइंग 777 लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से अमेरिका के शिकागो ओ’हेयर जा रहा था। इसी दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक बड़ी गिरावट दर्ज की गई। फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक विमान सामान्य तौर पर करीब 37,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। लेकिन आयरलैंड के ऊपर पहुंचने के बाद इसकी ऊंचाई तेजी से घटने लगी और विमान करीब 9,000 फीट तक नीचे आ गया। हालात को देखते हुये पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को स्क्वॉक 7700 कोड भेजा। यह कोड सामने आते ही विमान की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई।
क्या होता है ‘स्क्वॉक 7700’?
स्क्वॉक चार अंकों का एक कोड होता है, जिसे विमान का ट्रांसपोंडर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को भेजता है। 7700 का मतलब होता है, सामान्य आपात स्थिति। यह कोड किसी खास तकनीकी खराबी या समस्या की जानकारी नहीं देता। इसका सीधा मतलब इतना होता है कि विमान के क्रू को मदद की जरूरत है और एयर ट्रैफिक कंट्रोल को विमान के लिये रास्ता साफ रखना चाहिये। यानी आसमान में जब 7700 दिखाई देता है, तो समझिये विमान ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को खतरे की घंटी सुना दी है।
कुछ दिन पहले फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भी आया था संकट
ब्रिटिश एयरवेज की इस घटना से कुछ दिन पहले फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 भी इसी तरह चर्चा में आई थी। तेल अवीव जा रही इस फ्लाइट ने 30 सितंबर को इमरजेंसी स्क्वॉक कोड भेजने के बाद अपना रास्ता बदलकर सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ लिया था। फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक विमान महज दो मिनट से भी कम समय में करीब 17,400 फीट नीचे आ गया था। इसके बाद सामने आई जानकारी के मुताबिक कथित तौर पर एक को-पायलट ने क्रैश एक्स से कैप्टन पर हमला किया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की थी। यात्रियों ने कथित हमलावर को काबू किया और विमान को सुरक्षित रूप से तबुक के प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुल अजीज एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया। उस विमान में बच्चों समेत 174 यात्री सवार थे।





