Kohramlive : रंगों का त्योहार होली खुशियां और मस्ती लेकर आता है, लेकिन जिन लोगों के चेहरे पर पहले से मुंहासे या दाने हैं, उनके लिये यह उत्सव त्वचा की परेशानी भी बढ़ा सकता है। बाजार में मिलने वाले कई रंगों में अभ्रक, सीसा और क्रोमियम जैसे हानिकारक केमिकल पाये जाते हैं, जो पिंपल्स वाली स्किन को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही सूजन, संक्रमण और स्थायी दाग-धब्बों की वजह बन सकती है। त्वचा विशेषज्ञों के मुताबिक, मुंहासों वाली त्वचा पर रंगों के बारीक कण दानों को छील सकते हैं, जिससे दर्द, जलन और इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। इसलिये होली खेलने से पहले और बाद में कुछ जरूरी सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है।
रंग खेलने से पहले बनायें ‘सुरक्षा कवच’
होली खेलने से करीब 20 मिनट पहले चेहरे पर हल्का नारियल तेल या नॉन-कॉमेडोजेनिक मॉइस्चराइजर जरूर लगायें। इससे त्वचा पर एक पतली परत बन जाती है जो रंगों के केमिकल को सीधे पिंपल्स तक पहुंचने से रोकती है। इसके बाद सनस्क्रीन लगाना भी जरूरी है, क्योंकि धूप और रंग मिलकर त्वचा को ज्यादा संवेदनशील बना सकते हैं। मुंहासों वाली त्वचा के लिये केवल हर्बल या ऑर्गेनिक गुलाल का इस्तेमाल करना बेहतर है। पक्के रंग, कीचड़ या गीले केमिकल रंगों से पूरी तरह दूरी बनानी चाहिये। वहीं, दूसरों से भी विनम्रता से कहें कि चेहरे पर रंग जोर से न रगड़ें, क्योंकि इससे दाने फूट सकते हैं और उनमें इन्फेक्शन फैल सकता है। प्राकृतिक विकल्प के तौर पर चंदन पाउडर या मुल्तानी मिट्टी का उपयोग किया जा सकता है, जो त्वचा को ठंडक भी देते हैं।
रंग छुड़ाते समय न करें ये गलती
होली खेलने के बाद चेहरे को जोर-जोर से रगड़कर साफ करना सबसे बड़ी गलती होती है। इससे मुंहासे बढ़ सकते हैं और त्वचा पर घाव भी बन सकते हैं। रंग हटाने के लिये क्लींजिंग मिल्क या ठंडे कच्चे दूध का इस्तेमाल करें, जो बिना नुकसान पहुंचाये रंग को धीरे-धीरे साफ करता है। इसके बाद माइल्ड फेसवॉश से चेहरा धोकर एलोवेरा जेल लगायें, जिससे सूजन और लाली कम होती है। अगर होली खेलने के बाद चेहरे पर ज्यादा खुजली, सूजन या मवाद वाले दाने दिखाई दें तो घरेलू उपायों के बजाय तुरंत त्वचा विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिये। समय पर इलाज से स्थायी दाग-धब्बों से बचा जा सकता है।
Disclaimer : यह जानकारी विभिन्न मेडिकल रिपोर्ट्स और त्वचा विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर तैयार की गई है।






