Kohramlive : वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की उछाल अब सीधे आपकी जेब तक पहुंच गई है। देश की बड़ी निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिये हैं। पेट्रोल ₹5 प्रति लीटर और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा हुआ है। सूत्र बताते हैं कि पश्चिम एशिया में युद्ध और कच्चे तेल की कीमतों में करीब 50% उछाल ने कंपनियों पर लागत का भारी दबाव बना दिया था। लंबे समय से कीमतें स्थिर रखने के बाद अब नायरा ने यह कदम उठाया है। कुछ राज्यों में टैक्स के कारण पेट्रोल की बढ़ोतरी ₹5.30 प्रति लीटर तक पहुंच गई है। देशभर में नायरा के करीब 6,967 पेट्रोल पंप हैं, जहां यह बढ़ी कीमतें लागू हो चुकी हैं। हालांकि, सरकारी कंपनियां (IOC, BPCL, HPCL) अब भी आम पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर रखे हुये हैं, जबकि प्रीमियम फ्यूल और बल्क डीजल महंगा कर दिया गया है। दिलचस्प बात यह है कि निजी कंपनियों को घाटे की भरपाई के लिए कोई सरकारी मदद नहीं मिलती, ऐसे में उनके पास कीमतें बढ़ाने के अलावा ज्यादा विकल्प नहीं बचता। भारत अपनी जरूरत का 88% कच्चा तेल आयात करता है, और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में आने वाले दिनों में ईंधन कीमतों में और उतार-चढ़ाव से इंकार नहीं किया जा सकता।
इसे भी पढ़ें : रांची में पारंपरिक झांकी और ताशा प्रतियोगिता कल, प्रथम पुरस्कार कितना… जानें
इसे भी पढ़ें : हाई लेवल मीटिंग : रामनवमी को लेकर DGP ने दिये ये टास्क… जानें








