Bihar : पटना के पिपरा थाना क्षेत्र के बेहरावां चकिया मुसहरी टोला में बीते दिन पुलिस की कार्रवाई के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गये। एक तरफ पुलिस करीब 80 जवानों की संयुक्त टीम के साथ छापेमारी कर 1000 लीटर देसी शराब बरामद कर नष्ट करने और एक देशी पिस्टल व तीन जिंदा गोलियां जब्त करने का दावा कर रही है, तो दूसरी तरफ ग्रामीणों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाये हैं। ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान डरकर कई लोग जान बचाने के लिये नदी में कूद गये, जिनमें दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि छापेमारी के दौरान कुछ लोग भागने लगे थे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, कई थानों की संयुक्त टीम ने बेहरावां चकिया मुसहरी में कार्रवाई की। इस दौरान करीब 1000 लीटर देसी शराब बरामद की गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं, करीब 43 लोगों की गिरफ्तारी की बात सामने आई है।
ग्रामीणों का आरोप, डर के मारे नदी में कूदे लोग
स्थानीय कुछ ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने कुछ घरों में जबरन पिस्टल और गोलियां रखकर बरामदगी दिखा दी। उनका यह भी दावा है कि पुलिस की कार्रवाई से घबराकर महिला, पुरुष और बच्चे नदी की ओर भागे और कई लोगों ने जान बचाने के लिये नदी में छलांग लगा दी। आरोप लगाया कि नदी में कूदने के दौरान पुलिस की ओर से ईंट-पत्थर भी चलाये गये। उनका दावा है कि कई लोग पानी में डूब गये और दो लोगों के शव बरामद हुये हैं। मृतकों की पहचान 25 साल के आकाश कुमार और 60 साल के रामू मांझी के रूप में बताई गई है। आकाश कुमार, तूफानी मांझी के पुत्र थे और बेहरावां चकिया में अपने मामा के ससुराल में रहते थे। दूसरे मृतक रामू मांझी के पिता का नाम स्वर्गीय सुखारी मांझी बताया गया। दो लोगों की मौत की खबर के बाद गांव में गुस्सा भड़क उठा। मृतकों के शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिहटा-सरमेरा मुख्य सड़क को करीब 10 घंटे तक जाम रखा। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुआ जाम शाम 5 बजे तक चला। ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कुछ ग्रामीणों ने दावा किया कि करीब 100 लोग अब भी लापता हैं। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
पुलिस बोली, कुछ लोग भागे, जांच जारी
मामले को लेकर SDPO राघव दयाल ने मीडिया से कहा कि शुक्रवार को पुलिस पर हमले की घटना के बाद छापेमारी की गई थी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग इधर-उधर भागने लगे।उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।





