Ranchi : आगामी पर्व सरहुल, रामनवमी एवं ईद को देखते हुये रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर में अपराध पर अंकुश लगाने और विधि-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिये पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में रांची पुलिस कप्तान राकेश रंजन के निर्देश पर शनिवार को नवीन पुलिस केंद्र में PCR वाहनों के चालकों और पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक बुलाई गई। बैठक की अध्यक्षता ट्रैफिक SP राकेश सिंह ने की। इस दौरान PCR टीमों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि शहर के संवेदनशील स्थानों पर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जाये और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाये। पुलिस अधिकारियों ने PCR टीमों को शहर के प्रमुख संस्थानों बैंक, पेट्रोल पंप, ज्वेलरी दुकानें पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। बैठक में यह भी कहा गया कि PCR वाहन आपस में बेहतर समन्वय बनाये रखें और सूचना मिलते ही तुरंत घटनास्थल पर पहुंचें। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को अधिक से अधिक भ्रमणशील रहते हुये शहर के चौक-चौराहों और गलियों में लगातार पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने सभी कर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने की हिदायत दी। स्पष्ट चेतावनी दी गई कि अगर किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
इसे भी पढ़ें : बेकाबू कार ने भीड़ को रौं’दा, गुस्साये लोगों ने किया रोड जाम… देखें वीडियो












