Mumbai : पर्दे पर कभी गंभीर पिता, कभी सधे हुये किरदार और कभी ऐसी सहज अदाकारी, जो बिना शोर किये दिल में उतर जाये, परीक्षित साहनी की यही पहचान रही है। लेकिन हाल में जब वह कैमरे में कैद हुये तो उनके चाहने वाले कुछ पल के लिये ठिठक गये। लंबे समय से लाइमलाइट से दूर चल रहे परीक्षित साहनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें 87 साल के अभिनेता अपनी बिल्डिंग के बाहर केयरटेकर की मदद से टहलते दिखाई दे रहे हैं। उनके हाथ में छड़ी भी नजर आ रही है। उम्र का असर चेहरे और चाल में साफ दिखाई दे रहा था, लेकिन उनके चेहरे पर बनी मुस्कान ने फैंस को राहत भी दी।
वीडियो देख फैंस ने जताई चिंता
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई और उनके स्वस्थ रहने की कामना की। कुछ लोगों ने वीडियो पर भावुक प्रतिक्रियाएं दीं, तो कई फैंस ने कहा कि परीक्षित साहनी ठीक नजर आ रहे हैं और मुस्कुरा भी रहे हैं। कई यूजर्स को उनका पुराना अंदाज याद आया और उन्होंने फिल्म ‘3 इडियट्स’ में निभाये उनके किरदार का भी जिक्र किया।
बलराज साहनी के बेटे, अभिनय की विरासत आगे बढ़ाई
परीक्षित साहनी को अभिनय का हुनर विरासत में मिला था। उनके पिता बलराज साहनी हिंदी सिनेमा के उन दिग्गज कलाकारों में रहे, जिनकी अदाकारी आज भी याद की जाती है। पिता की छाया से अलग अपनी पहचान बनाते हुये परीक्षित साहनी ने फिल्मों और टेलीविजन में लंबे समय तक काम किया। उनकी खासियत रही कि वह छोटे से छोटे किरदार में भी अपनी छाप छोड़ जाते थे। परीक्षित साहनी ने निर्देशक राजकुमार हिरानी की कई चर्चित फिल्मों में काम किया। उनके यादगार प्रोजेक्ट्स में ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ ‘3 इडियट्स’ ‘पीके’ ‘डंकी’ शामिल हैं।इन फिल्मों में उनके निभाये किरदारों ने दर्शकों के बीच उन्हें अलग पहचान दिलाई।
राज कपूर के सहायक से अभिनेता बनने तक का सफर
परीक्षित साहनी का फिल्मी सफर भी कम दिलचस्प नहीं रहा। उन्होंने शुरुआत में राज कपूर के साथ फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ में असिस्टेंट के तौर पर काम किया था। इसके बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा और धीरे-धीरे अपनी अलग जगह बनाई। टेलीविजन के लोकप्रिय धारावाहिक ‘गुल गुलशन गुलफाम’ में भी उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया। आज पर्दे की चकाचौंध से दूर परीक्षित साहनी को जब फैंस ने छड़ी के सहारे धीरे-धीरे चलते देखा, तो उन्हें उनके निभाये किरदार याद आ गये। परीक्षित साहनी भी उन्हीं कलाकारों में हैं, जिनकी मुस्कान देखकर आज भी पर्दे के कई खूबसूरत किरदार आंखों के सामने ताजा हो जाते हैं।








