Ranchi : राजधानी रांची में आज यानी शनिवार को बिजली विभाग के मेंटेनेंस कार्य का असर शहर के कई इलाकों में दिखाई देगा। 22 अगस्त को कोकर डिवीजन के अलग-अलग सब-डिवीजनों में मरम्मत और लाइन से जुड़े काम किये जायेंगे। इसके चलते निर्धारित समय पर संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। कोकर सब-डिवीजन के तहत चुटिया पावर हाउस के कृष्णापुरी फीडर में एलटी ब्रांच लाइन का काम किया जायेगा। इसके लिये कृष्णापुरी रोड नंबर-14 और वर्मा स्टोर के आसपास के क्षेत्र में ट्रांसफार्मर बंद रखा जायेगा। इस दौरान यहां बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। इसी तरह चुटिया पावर हाउस के महादेव मंडा फीडर से जुड़े मकचुंद टोली और गायत्री सोसाइटी के आसपास भी बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। मेंटेनेंस का काम पूरा होने के बाद ही सामान्य आपूर्ति बहाल की जायेगी।
कैंसर हॉस्पिटल से कोकर चौक तक असर
उधर कोकर पावर हाउस के अयोध्यापुरी फीडर में भी लाइन का काम प्रस्तावित है। कैंसर हॉस्पिटल से कोकर चौक तक 11 केवी लाइन करीब एक घंटे बंद रहेगी। इसी क्षेत्र की एलटी लाइन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रहने की सूचना है। बिजली विभाग के मरम्मत और लाइन कार्य के दौरान उपभोक्ताओं को कुछ घंटों की परेशानी जरूर झेलनी पड़ेगी। हालांकि, इन कामों का उद्देश्य बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखना और भविष्य में निर्बाध सप्लाई सुनिश्चित करना है।








