Patna : पटना में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी ने बिहार की सियासत में भूचाल ला दिया है। 32 साल पुराने मामले में देर रात हुई कार्रवाई के बाद मामला अब कानून से निकलकर सीधे राजनीति के अखाड़े में आ गया है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद सांसद की तबीयत बिगड़ने की खबरों ने पूरे घटनाक्रम को और संवेदनशील बना दिया।
रात में पुलिस पप्पू यादव को पटना स्थित आवास से हिरासत में लेकर पहले IGIMS, फिर PMCH और अब IGIC रेफर कर चुकी है। सांसद ने आरोप लगाया है कि गिरफ्तारी के वक्त कई पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में थे और खराब सेहत के बावजूद उन्हें जबरन हिरासत में लिया गया। पप्पू यादव के समर्थकों ने इलाज में लापरवाही और साजिश का आरोप लगाया है। दावा है कि उन्हें IGIMS में पूरी रात बेड नहीं मिला। वहीं, सांसद के वकील ने पुलिस कार्रवाई को कानून के खिलाफ बताते हुए नोटिस और कुर्की प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ी का आरोप लगाया है। अब सभी की निगाहें आज की कोर्ट पेशी पर टिकी हैं, जहां तय होगा कि पप्पू यादव को जमानत मिलेगी या उन्हें जेल जाना पड़ेगा। इस बीच उनकी सेहत और गिरफ्तारी को लेकर बिहार की राजनीति में घमासान तेज हो गया है।






