Ranchi : जयप्रकाश जनता दल के राष्ट्रीय सचिव पंकज मिश्र ने केंद्र और राज्य सरकारों पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का इल्जाम लगाते हुये कहा कि सरकारें शिक्षा के प्रति गंभीर नहीं है। पेपर लीक की घटनाओं से कोई राज्य अछूता नहीं है। केंद्र और राज्य सरकारें अगर पेपर लीक रोकने में कारगर नहीं हैं तो सुप्रीम कोर्ट को तत्काल कोई स्वतंत्र एजेंसी का गठन कर परीक्षाओं को संपन्न कराना चाहिये।
पंकज मिश्र ने कहा कि पेपर लीक को लेकर देश में अराजक माहौल बन गया है। छात्र परीक्षा देकर घर भी नही पहुंचते तब तक पेपर लीक की सूचना आ जाती है। युवाओं का भविष्य अंधकारमय है। युवाओं के आक्रोश और सरकारों की लापरवाह रवैया को देखते हुये लगता है देश में फिर से जेपी आंदोलन की जरूरत है। कमोवेश ऐसी ही परिस्थितयों के बाद 1974 में जयप्रकाश नारायण ने आंदोलन का बिगुल फूंका था। आज वही स्थिति दिख रही है, बेरोजगारी और पेपर लीक ने युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर दी है।












