Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा में अवैध बालू के काले कारोबार पर सदर SDO संजय कुमार ने ऐसा शिकंजा कसा कि माफियाओं की नींद उड़ गई। बीती रात 10.30 बजे से ‘ऑपरेशन सैंड’ शुरू हुआ। कोयल और दानरो नदी तट पर अवैध बालू ढुलाई के खिलाफ SDO ने खुद मोर्चा संभाला। करीब 3 घंटे तक यह सर्जिकल अभियान चला, इस क्रम में 7 बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किये गये। ये खबर फैलते ही बालू माफियाओं में तहलका मच गया। अचला (फोरलेन बाइपास) से 3 ट्रैक्टर पकड़े गये। इसके बाद चेतना, फरठिया और बेलचंपा इलाके से 2 और ट्रैक्टर जब्त किये गये। देर रात 1 बजे फिर छतरपुर, नवादा, सहेजना और करमडीह में छापामारी कर दो ट्रैक्टर रंगे हाथ पकड़े गये। SDO के साथ CO, थानेदार और खनन इंस्पेक्टर मौजूद थे। छापेमारी की भनक माफियाओं तक न पहुंचे, इसके लिये प्रशासन को चकमा देने वाले मुखबिर (लाइनर) भी सक्रिय थे।
चेतना के पास पीछा कर एक इंडिगो कार पकड़ी गई। कार में सवार ज्ञान प्रकाश बिंद (नवादा) था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अधिकारियों की लोकेशन माफियाओं को दी जा रही थी, गाड़ी पर एक राजनीतिक दल का चुनाव चिन्ह का स्टीकर लगा हुआ था। वाहन शहर के एक बड़े व्यवसायी का बताया जा रहा है। इतना ही नहीं ज्ञान प्रकाश का भाई बुधन बिंद पहले से ही बालू के अवैध कारोबार में नामजद रहा है। सड़क पर उतरे SDO संजय कुमार ने साफ कहा कि “देर रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर कानून-व्यवस्था को चुनौती दे रहे थे। यह आम लोगों की जान और नींद, दोनों के लिये खतरा है।” उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, पैरवी किसी की भी हो, नहीं चलेगी। FIR दर्ज की जा रही है और यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।






