Garhwa(Niyanand Dubey) : “एक दिन, एक घंटा, एक साथ—स्वच्छता श्रमदान” के संकल्प को मूर्त रूप देते हुये, पुराने समाहरणालय परिसर में आज ‘स्वच्छता ही सेवा 2025’ कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। इस अवसर पर गढ़वा के DC दिनेश कुमार यादव सहित जिले के कई आला अधिकारी और कर्मचारी सामूहिक रूप से शामिल हुये। कार्यक्रम में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर समाहरणालय परिसर की साफ-सफाई के लिये श्रमदान किया। उपायुक्त और उप विकास आयुक्त ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, स्वच्छता अभियान की नई ऊंचाइयों का प्रतीक मानते हुये गुब्बारे भी उड़ाये गये। वहां मौजूद सभी लोगों ने स्वच्छ रहने और अपने परिवेश को साफ रखने की शपथ ली।
DC दिनेश कुमार यादव ने कहा कि “स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक शैली है। समाज के हर वर्ग की भागीदारी से ही हम एक स्वच्छ, स्वस्थ और सशक्त भारत का निर्माण कर सकते हैं। स्वच्छ भारत मिशन को जन-आंदोलन का रूप दें और स्वच्छता की पहल अपने आसपास से शुरू करें।” कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरेज प्रकाश, पंचायती राज पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, जिला शिक्षा पदाधिकारी केसर रजा, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता अजय कुमार सिंह सहित जलसहिया दीदी मौजूद थी।












