जामतड़ा : घर के बाहर खेल रहा डेढ़ साल का मासूम अचानक से गायब हो गया। बच्चा चोरी की फैली खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परेशान परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। भागे-भागे परिजन थाना पहुंचे और बच्चा चोरी की शिकायत की। यह सनसनीखेज वारदात जामतड़ा के बुधुडीह गांव की है।
24 घंटा बीत जाने के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका। जिसके बाद सोमवार की सुबह परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों ने जामताड़ा-नारायणपुर मुख्य सड़क को बुधुडीह गांव के पास जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस जाम हटाने के लिए परिजनों और लोगों को समझाने के प्रयास में जुटी है। खबर लिखे जाने तक ग्रामीण बच्चे की बरामदगी तक जाम नहीं हटाने पर अड़े थे।

बच्चे की मां ने बताया कि वह बच्चे को लेकर बाहर बैठी हुई थी। इसी बीच वह चावल डालने के लिए अंदर गई। वापस बाहर आई तो बच्चा अपनी जगह नहीं था। वह परेशान होकर इधर-उधर ढूंढ़ने लगी। कहीं नहीं मिला तो उन्होंने इसकी शिकायत थाने में की।












