Hazaribagh(Sunil Sahu) : NML पकरी बरवाडीह कोल माइनिंग प्रोजेक्ट में नौवां कोल माइनिंग डे धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना प्रमुख और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फैज़ तैय्यब ने NTPC का झंडा फहराकर की। इसके बाद NML ने महत्वपूर्ण उपलब्धियों की चर्चा की और पकरी बरवाडीह परियोजना की सफलता में प्रत्येक कर्मचारी और विभाग के असाधारण योगदान की सराहना की।
उन्होंने यह भी कहा कि एनएमएल और विशेष रूप से पकरी बरवाडीह की उपलब्धियां टीमवर्क और संघर्ष की ताकत का प्रतीक हैं। साथ ही, उन्होंने भविष्य के प्रति अपनी आशा व्यक्त करते हुए कहा, “जब हम अगले वर्ष एनएमएल का दसवां स्थापना दिवस मनाएंगे तो मुझे विश्वास है कि सामूहिक प्रयासों के साथ हम और भी बड़ी उपलब्धियों को एक टीम के रूप में हासिल करेंगे।”
सीकरी साइट स्थित प्रशासनिक भवन के समक्ष आयोजित यह कार्यक्रम कर्मचारियों को प्रेरित और उत्साहित करने का एक अवसर बन गया, जिससे एनएमएल में एकजुटता और साझा दृष्टिकोण की भावना को और भी मजबूती मिली। गौरतलब है कि आज से ठीक नौ साल पहले पूर्व पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना से जो NTPC की पहली कोयला खनन परियोजना है उससे पहली बार कोयला निकाला गया था जिसे अब कोल माइनिंग डे के रूप में मनाया जाता है। इस कार्यक्रम के दौरान परियोजना प्रमुख फ़ैज तैय्यब के अलावा विभागों के विभागाध्यक्ष एवं भारी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।










