Hazaribagh(Sunil Sahu) : हजारीबाग के कटकमसांडी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुये स्विफ्ट डिजायर कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें तस्कर पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट डिजायर कार से विदेशी शराब की खेप लाई जा रही है। इसके बाद थानेदार के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया गया। गुरुवार सुबह करीब 10:45 बजे कटकमसांडी थाना गेट के पास संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर (BR04AA 1625) को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस को देखते ही चालक कार छोड़कर भाग निकला।तलाशी लेने पर प्लास्टिक के चार बोरों में भरी कुल 200 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। इसमें ROYALE CHALLENGE की 750ml की 110 बोतलें और Blenders Pride की 750ml की 90 बोतलें शामिल हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। छापेमारी टीम में थानेदार सहित कुल 6 पुलिसकर्मी शामिल थे, जिनमें एएसआई और सशस्त्र बल के जवान भी थे। पुलिस का कहना है कि फरार तस्कर की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।






