Kohramlive : बांग्लादेश के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में भारत सरकार की ओर से ओम बिरला ढाका में शामिल होंगे। कयास थे कि PM नरेंद्र मोदी खुद ढाका जाकर 17 फरवरी को शपथ समारोह में शामिल हो सकते हैं। लेकिन, भारत में AI Impact Summit के आयोजन को लेकर कई देशों के गणमान्य अतिथियों का आगमन होने के चलते उनका जाना टला है। वहीं, 17 फरवरी को मुंबई में इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक पहले से तय है। इन व्यस्तताओं के चलते प्रधानमंत्री का दौरा संभव नहीं हो सका। इस अहम समारोह में भारत, चीन, पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की, UAE, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान जैसे देश आमंत्रित देशों में शामिल हैं।कार्यक्रम संसद के साउथ प्लाजा में आयोजित होगा। गौरतलब है कि हालिया 13वें राष्ट्रीय चुनाव में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली BNP ने प्रचंड बहुमत हासिल किया। कुल 300 सीटों में BNP की 212 सीट पर जीत हुई, वहीं, जमात-ए-इस्लामी गठबंधन को 77 सीट मिली। नई कैबिनेट में 32 से 42 मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है, जहां अनुभवी चेहरों के साथ युवा नेताओं को भी जगह मिल सकती है।
पीएम मोदी ने फोन कर दी बधाई
शपथ से पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान से फोन पर बात कर उनकी जीत पर शुभकामनाएं दीं। साथ ही दोहराया कि भारत और बांग्लादेश साझा इतिहास, संस्कृति और आपसी सम्मान से जुड़े करीबी पड़ोसी हैं और दोनों देशों की शांति व समृद्धि के लिये सहयोग जारी रहेगा।










