Ranchi : इलाज के लिये अब न लंबी कतार, न दूर-दराज की दौड़। झारखंड में डिजिटल स्वास्थ्य सेवा की दिशा में एक नई और उम्मीद भरी शुरुआत हुई है। दक्ष इमरजेंसी मेडिकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले शुक्रवार को ‘मेडिको ऑनलाइन हेल्थ केयर सर्विस’ का शानदार उद्घाटन प्रेस क्लब रांची के सभागार में किया गया। हर घर तक सुलभ, भरोसेमंद और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने के संकल्प के साथ शुरू हुई यह सेवा राज्य में डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र की शुरुआती लेकिन मजबूत पहल मानी जा रही है।
एक प्लेटफॉर्म, कई स्वास्थ्य सुविधायें
मेडिको ऑनलाइन हेल्थ केयर सर्विस एक व्यापक ऑनलाइन हेल्थकेयर मंच है, जिसके जरिये लोगों को एक ही जगह कई सुविधाएं मिलेंगी, जैसे, डॉक्टर से ऑनलाइन परामर्श, प्राथमिक चिकित्सा एवं डे-केयर सुविधा, होम केयर सर्विस, लैब टेस्ट की सुविधा, भूमि एवं वायु एम्बुलेंस सेवा, यानी बीमारी हो या आपात स्थिति मेडिको हर कदम पर साथ है। सेवा के संचालक मृत्युंजय कुमार और निखिलेश कुमार ने बताया कि आने वाले समय में इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिये मोबाइल एप भी लॉन्च किया जायेगा। फिलहाल लोग वेबसाइट, फेसबुक, X एवं इंस्टाग्राम के जरिये इस सेवा से जुड़ सकते हैं। मेडिको ऑनलाइन हेल्थ केयर सर्विस से जुड़कर लोग न केवल डॉक्टर से सलाह ले सकेंगे, बल्कि इलाज और जरूरी मेडिकल सेवाओं के लिये भी सीधे संपर्क कर सकेंगे। यह सेवा खासतौर पर जरूरतमंदों और दूरस्थ इलाकों के लोगों के लिये एक बड़ी राहत साबित होगी। इस अवसर पर कई जाने-माने चिकित्सक मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से डॉ. एसबी खलखो, डॉ. भारती तिवारी, डॉ. प्रीति, डॉ. संतोष सहित अन्य शामिल थे।












