Kohramlive : चुनाव आयोग ने आज लोकतंत्र की धड़कन को और मजबूत करने का बड़ा फैसला लिया है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR प्रक्रिया की समयसीमा कई राज्यों में बढ़ा दी गई है, ताकि देश का कोई भी योग्य नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रह जाये। उत्तर प्रदेश में अब 26 दिसंबर तक फॉर्म जमा होंगे। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, अंडमान-निकोबार में समय सीमा बढ़कर 18 दिसंबर कर दी गई। तमिलनाडु, गुजरात में अब 14 दिसंबर तक फॉर्म भरे जायेंगे। वेस्ट बंगाल में अंतिम मतदाता सूची अब 14 फरवरी 2026 को प्रकाशित होगी। आयोग का सीधा, साफ संदेश है कि मतदाता सूची को सटीक बनाना हमारी प्राथमिकता है। वहीं, इसके लिये जरूरत पड़े तो समय भी बढ़ाया जायेगा। देशभर में युवा वोटरों को प्रेरित किया जा रहा है कि फॉर्म-6 भरकर अपना नाम अवश्य जुड़वायें। इसके लिये विकल्प तीन BLO को फॉर्म दें, ECINet ऐप या फिर ऑनलाइन वेबसाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची अगले साल फरवरी में सामने आयेगी।
क्या है SIR?
SIR यानी मतदाता सूची की सफाई और अपडेशन का सबसे महत्वपूर्ण अभियान है। डुप्लीकेट नाम हटाना, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम निकालना, नये योग्य नागरिकों को सूची में शामिल करना, ये अभियान फर्जी मतदान को रोकने की मजबूत कड़ी भी है। अभी इसका दूसरा चरण जारी है, जहां बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन कर रहे हैं।
लेकिन कई बीएलओ स्कूल शिक्षक या सरकारी कर्मचारी होते हैं, जो समय की कमी में पूरा क्षेत्र कवर करने में संघर्ष कर रहे हैं।





