Ranchi : रांची में अब धरना, प्रदर्शन, जुलूस, रैली और आमसभा आयोजित करने के लिए पहले प्रशासन की अनुमति लेना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुये कहा है कि इसका मकसद लोकतांत्रिक विरोध रोकना नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था, जन-सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था बनाये रखना है। अनुमति के लिए कार्यक्रम की तारीख, समय, रूट, संभावित भीड़ और प्रमुख आयोजकों की जानकारी पहले से देनी होगी। रांची सदर या बुंडू के अनुमंडल पदाधिकारी तय प्रक्रिया के अनुसार अनुमति देंगे।
बिना अनुमति सड़क जाम पर चेतावनी
प्रशासन ने साफ कहा है कि सार्वजनिक रास्ता जाम करना, आवागमन बाधित करना या जन-सुरक्षा प्रभावित करना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। समय पर सूचना मिलने से पुलिस भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा की बेहतर तैयारी कर सकेगी। प्रशासन ने लोगों से कहा है कि किसी भी धरना या रैली में शामिल होने से पहले उसकी वैधानिक अनुमति की जानकारी जरूर लें और अफवाहों के आधार पर कानून हाथ में न लें।








