Ranchi : झारखंड में विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू हो चुकी है और अब वोटिंग प्रोसेस को तकनीक से और मजबूत करने की पहल की जा रही है। राज्य के सभी मतदान केंद्रों और उनके क्षेत्रों को जल्द ही जियो फेंसिंग तकनीक से घेरा जायेगा। इससे मतदान केंद्रों की सीमायें तय होंगी और मतदाताओं को सटीक जानकारी मिल सकेगी।
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने इसकी जानकारी देते हुये बताया कि जियो फेंसिंग से BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) को अपने क्षेत्र के मतदाताओं तक पहुंचने में आसानी होगी। इसके साथ ही मतदाता भी मोबाइल ऐप के जरिये अपने बूथ, उसका लोकेशन और संबंधित BLO की जानकारी घर बैठे हासिल कर सकेंगे।
इस तकनीकी बदलाव के लिए 11 से 13 जून तक राज्य भर के निर्वाचन अधिकारियों को ट्रेनिंग दी जा रही है। इसमें मतदान केंद्रों के नक्शे बनाने, क्षेत्र तय करने और जमीनी स्तर पर जियो फेंसिंग को लागू करने की प्रक्रिया सिखाई जा रही है। ट्रेनिंग में पुडुचेरी, जनगणना विभाग और आईटी विशेषज्ञों के अनुभवों को भी शामिल किया गया है।
धुर्वा सेक्टर में अधिकारियों को प्रैक्टिकल प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जहां नक्शे तैयार करने, की-पॉइंट्स चिन्हित करने और फील्ड में जाकर सर्वे करने की प्रक्रिया सिखाई जा रही है। ट्रेनिंग के अंत में प्रतिभागियों का मूल्यांकन भी होगा और जिनके अंक कम आएंगे, उन्हें दोबारा प्रशिक्षित किया जायेगा। इस अवसर पर राज्य के संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी देवदास दत्ता सहित कई जिले के अधिकारी भी मौजूद थे।
झारखंड के मतदान केंद्रों पर अब जियो फेंसिंग, क्या होगा फायदा… जानें #Jharkhand #blo #ECI #kravikumar #election #jiofencing pic.twitter.com/359XMqmNIQ
— KohramLive (@KohramLive) June 11, 2025










