Bihar : जिस इंसान का हाथ थामकर एक महिला ने जिंदगी का सफर शुरू किया, उसी पर उसकी जान लेने की कोशिश का आरोप लगा है। बिहार के आरा में एक पति पर अपनी पत्नी पर कैंची से 170 से ज्यादा वार करने का आरोप है। हमले में 27 साल की महिला राखी कुमारी उर्फ निकिता गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। घटना टाउन थाना क्षेत्र के बड़ी मठिया मोहल्ले की है। राखी अपने पति पंकज कुमार ठाकुर के साथ किराये के मकान में रहती थी। बताया जाता है कि बुधवार शाम पति उसे ससुराल से लेकर लौटा था। रात में दोनों के बीच विवाद हुआ। इल्जाम है कि गुस्से में पंकज ने कैंची से राखी पर हमला कर दिया। उसकी गर्दन, पीठ, चेहरे और हाथों समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोटें आईं।
बेटी की हालत देख परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घायल राखी को आनन-फानन में निजी अस्पताल पहुंचाया गया। महिला के पिता मनोज कुमार ठाकुर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये उसे गिरफ्तार कर लिया। इलाज कर रहे सर्जन डॉ. विकास सिंह के मुताबिक, राखी के शरीर पर कई गंभीर चोटें थीं। ऑपरेशन कर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत की गई है। फिलहाल वह खतरे से बाहर है।







