Dhanbad : दीपावली के बाजार में मिठाइयों की मांग बढ़ते ही मिलावट का खेल भी सामने आने लगा है। धनबाद के झरिया के फतेहपुर रोड स्थित एक कारखाने में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी कर 210 किलो प्रतिबंधित रंगों से बने बताशे और 150 किलो मिलावटी सेवई बरामद की। कारखाना बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रहा था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में सोमवार को हुई कार्रवाई के दौरान कुल 360 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई। विभाग को सूचना मिली थी कि कारखाने में अवैध रूप से मिठाइयां तैयार की जा रही हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि रंगीन बताशों को दीपावली के दौरान बाजार में खपाने की तैयारी थी। कारखाने से धनबाद के विभिन्न बाजारों और दुकानों में खाद्य सामग्री भेजे जाने की जानकारी मिली है। विभाग अब सप्लाई से जुड़े ठिकानों का पता लगा रहा है।
नमूने जांच के लिए भेजे जायेंगे
विभाग ने जब्त बताशे और सेवई को एक कमरे में रखकर सील कर दिया है। इनके नमूने जांच के लिए रांची भेजे जायेंगे। रिपोर्ट आने के बाद कारखाना संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जायेगी। DC आदित्य रंजन के निर्देश पर जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने लोगों से मिठाई खरीदते समय उसकी गुणवत्ता पर ध्यान देने और मिलावट की आशंका होने पर सूचना देने की अपील की है।







