Kohramlive : चक्रवात मुरासु को लेकर दक्षिण भारत में अलर्ट जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान के सोमवार आधी रात से मंगलवार तड़के के बीच आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक और तेज झोंके 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।
आंध्र में 19 उड़ानें रद्द: तूफान के खतरे को देखते हुये विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम और तिरुपति हवाई अड्डों से 19 घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिये हैं।
चेन्नई में भारी बारिश: चेन्नई, चेंगलपट्टू और तिरुवल्लुर में मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया है। भारी बारिश की चेतावनी के बाद चेन्नई में स्कूल बंद कर दिये गये हैं। कुछ उड़ानें भी रद्द हुई हैं।
आंध्र की मदद को टीमें रवाना: तमिलनाडु ने NDRF की तीन टीमें और बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए 500 कर्मचारियों वाली 25 टीमें आंध्र प्रदेश भेजी हैं। कर्नाटक ने भी 500 बिजलीकर्मियों की मदद देने की घोषणा की है।
ओडिशा में भी अलर्ट: गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरि में भारी बारिश की आशंका है। दक्षिण ओडिशा के कुछ जिलों में 3 नवंबर तक स्कूल-कॉलेज बंद रखने का फैसला किया गया है। प्रशासन राहत और बचाव की तैयारियों में जुटा है। मौसम विभाग तूफान की दिशा और तीव्रता पर लगातार नजर रख रहा है।







