Ranchi(Kuldeep Tiwari) : राजधानी रांची से सटे ओरमांझी प्रखंड के कुल्ही स्थित Stales Apparel Private Limited कंपनी पर मजदूरों ने तीन महीने का वेतन नहीं देने का इल्जाम लगाया है। इसको लेकर आज दोपहर दर्जनों मजदूरों ने ओरमांझी थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। मजदूरों का कहना है कि कंपनी में करीब डेढ़ सौ मजदूर काम करते हैं, लेकिन अधिकांश मजदूरों को जनवरी से मार्च तक का वेतन नहीं मिला है। वेतन नहीं मिलने के कारण मजदूरों की माली हालत बहुत खराब हो गई है। मजदूरों ने बताया कि लगातार तीन महीने से मजदूरी नहीं मिलने के कारण उनके सामने खाने-पीने और मकान का किराया देने तक की समस्या खड़ी हो गई है। मजदूरों का इल्जाम है कि कंपनी प्रबंधन बार-बार वेतन देने का आश्वासन देता है, लेकिन हर बार टालमटोल किया जा रहा है। उनका कहना है कि अगर जल्द मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ तो वे आगे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं, इस बारे में कंपनी से जुड़े एक अधिकारी से पूछने पर उन्होंने चुप्पी साध ली और कैमरे के सामने आने से मना कर दिया।












