Chatra : बेटे की हसरत में एक महिला चोर बन गई। उसने यह भी नहीं सोचा कि 9 महीने कोख में पालने वाली मां पर क्या गुजरेगा। उसने अपना स्वार्थ देखा और नवजात को लेकर भाग गई। जैसे ही नवजात के परिजनों को इसकी जानकारी मिली, वे उसकी तलाश में जुट गए। थोड़ी ही देर बाद नवजात के साथ महिला को धर दबोचा गया। उसे महिला थाना के सुपुर्द कर दिया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : बच्चा दिनभर सोने लगे और बदलने लगे उसका रंग, तो…
मामला चतरा के सदर अस्पताल की है। यहां शनिवार की सुबह 5:00 बजे के करीब एक नवजात बच्चे की चोरी हो गई। परिजनों ने तत्परता दिखाई और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। ईटखोरी थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी इकबाल अंसारी की तीन बेटियां हैं। बेटे की चाह में उसकी पत्नी अनीशा खातून चोरनी बन गई। वह सदर अस्पताल पहुंची और नवजात की चोरी की फिराक में जुट गई। यहां राजपुर थाना क्षेत्र के राजाचक गांव निवासी सीताराम की पुत्री ने ऑपरेशन से एक नवजात बेटे को जन्म दिया था। उसकी देखभाल के लिए उसकी मां और उसका भाई अस्पताल में थे। सुबह जैसे ही नवजात की नानी मंजू देवी वॉशरूम गई, अनीशा नवजात को लेकर फरार हो गई। वॉशरूम से आते ही मंजू देवी ने देखा कि उसका नवजात नाती गायब है। उसने शोर मचाना शुरू किया। बाहर सो रहे नवजात का मामा राकेश रंजन भागा भागा वार्ड में आया। उसे पता चला कि उसका भांजा गायब है। वह तुरंत सदर अस्पताल के बाहर निकला और सड़क की ओर भागा। उसने देखा कि एक महिला कपड़े में कुछ छिपा है जा रही है। शक के आधार पर उसने उसे रोकना चाहा, मगर वह रूकी नहीं और तेजी से भागने लगी। राकेश ने शोर मचाना शुरू किया। जिसके बाद मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने महिला को धर दबोचा। जब देखा तो सभी दंग रह गए। महिला एक नवजात को चुरा कर भाग रही थी। महिला से छीन कर नवजात को उसके भांजे को सौंप दिया और महिला को पुलिस के हवाले कर दिया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : आपत्तिजनक स्थिति में धराए प्रेमी जोड़े, लोगों ने ऐसे करा दी शादी…(VIDEO)














