Kohramlive : तकनीक ने जिंदगी आसान जरूर कर दी है, लेकिन ठगों ने इसे ठगी का नया मैदान बना लिया है।
एक समय था जब लोग बैंक की कतारों में घंटों खड़े रहते थे, अब बस ATM मशीन में कार्ड डालिये और कुछ ही मिनटों में पैसे जेब में। पर अब यही सुविधा ठगों की नई चाल का हथियार बन गई है। भीड़भाड़ वाले ATM के पास ठग बड़ी सफाई से लाइन में घुस आते हैं। मुस्कुराते हुये कहते हैं “भाई साहब, आप लाइन में खड़े हैं, काफी टाइम लगेगा, आप मुझसे कैश ले लीजिये, ऑनलाइन मुझे पैसे ट्रांसफर कर दीजिये।” थोड़ी जल्दबाजी, थोड़ा भरोसा और खेल खत्म। जो पैसे आपके हाथ में आते हैं, वो असली नहीं, नकली नोटों की गड्डी होती है। जब तक आप नोटों की सच्चाई समझ पायें, ठग हवा हो चुके होते हैं।
सतर्कता जरूरी है
- किसी अनजान व्यक्ति से कैश के बदले ऑनलाइन ट्रांसफर बिल्कुल न करें।
- अगर ATM में भीड़ है, तो दूसरे ATM पर जायें।
- किसी अजनबी से “मदद” लेने या देने से बचें, ठग इसी बहाने आपका कार्ड या पिन चुरा सकते हैं।
- यदि कोई व्यक्ति लोगों से कैश के बदले पैसे मांगते दिखे, तो तुरंत पुलिस या बैंक सुरक्षा गार्ड को सूचना दें।
- ATM सुविधा है, शॉर्टकट नहीं। अपनी मेहनत की कमाई को बचाने के लिये हर कदम पर सतर्क रहिये।
याद रखिये, “भरोसे के नाम पर खेला जा रहा ये खेल, एक पल में आपकी जेब और भरोसा दोनों खाली कर सकता है।”








