Ranchi : झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) ने मीडिया कवरेज को लेकर नया निर्देश जारी किया है। अब बिना पूर्व अनुमति के किसी भी पत्रकार या मीडिया प्रतिनिधि को अस्पताल परिसर में प्रवेश, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की अनुमति नहीं होगी। रिम्स प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, अस्पताल में किसी भी तरह की फोटो या वीडियो रिकॉर्डिंग करने से पहले निदेशक, चिकित्सा अधीक्षक या अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक की अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
प्रशासन ने बताई वजह
रिम्स प्रबंधन का कहना है कि यह फैसला अस्पताल की कार्यप्रणाली को सुचारू रखने, मरीजों की गोपनीयता की रक्षा करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। अस्पताल प्रशासन का मानना है कि अनियंत्रित आवाजाही और बिना अनुमति रिकॉर्डिंग से मरीजों की निजता प्रभावित हो सकती है।
अब अनुमति के बाद ही होगी कवरेज
नये आदेश के बाद अस्पताल परिसर में होने वाली किसी भी घटना, अव्यवस्था, विवाद, दुर्घटना या अन्य मामलों की रिपोर्टिंग के लिए पत्रकारों को पहले प्रबंधन से मंजूरी लेनी होगी। यानी अब रिम्स में मीडिया की एंट्री और कवरेज पूरी तरह अनुमति आधारित होगी।







