Ranchi : डूरंड कप 2026 के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर रांची प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। रविवार को मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम में तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग हुई। DC मंजूनाथ भजंत्री और SSP राकेश रंजन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया, ड्यूटी में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। DC ने कहा कि डूरंड कप देश का प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट है और रांची इसकी मेजबानी कर रहा है। ऐसे में खिलाड़ियों, दर्शकों और मेहमानों को सुरक्षित और बेहतर माहौल देना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय से पहले ड्यूटी स्थल पहुंचने, व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और किसी भी समस्या की तत्काल सूचना देने का निर्देश दिया।
स्टेडियम के एंट्री-एग्जिट गेट, VIP गैलरी, खिलाड़ियों के रूट, पार्किंग और दर्शक दीर्घा पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। साथ ही भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और लाइटिंग व्यवस्था पर भी नजर रखने का निर्देश दिया गया। SSP राकेश रंजन ने कहा कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर दर्शक की सघन जांच होगी और किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को स्टेडियम में प्रवेश नहीं करने दिया जायेगा। संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखते ही कंट्रोल रूम को तत्काल सूचना देने के निर्देश दिये गये।
अधिकारियों को वायरलेस पर लगातार सक्रिय रहने, ट्रैफिक, पार्किंग, VIP मूवमेंट, खिलाड़ियों की सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। अग्निशमन, स्वास्थ्य, एम्बुलेंस और आपदा प्रबंधन टीमों के साथ बेहतर समन्वय बनाये रखने के भी निर्देश दिये गये। ब्रीफिंग में सेक्टरवार ड्यूटी, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान, मीडिया समन्वय और इमरजेंसी इवैक्यूएशन प्लान की भी विस्तार से जानकारी दी गई।






