UP : शादी की खुशियां अभी घर से गई भी नहीं थीं कि मातम ने दस्तक दे दी। यूपी के बदायूं में सुहागरात पर 22 साल के दूल्हे बबलू मौर्य की संदिग्ध सर्पदंश से मौत हो गई। नई-नवेली दुल्हन के हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी थी कि उसकी मांग का सिंदूर उजड़ गया। रियोनाई गांव के रहने वाले बबलू की बारात बुधवार को गई थी। गुरुवार को दुल्हन नीतू विदा होकर घर आई। रात को दहेज में मिला बेड तैयार नहीं हो सका, इसलिए बबलू कमरे में गद्दा बिछाकर सो गया। देर रात करीब 3 बजे उसने पेट में तेज दर्द की शिकायत की और पिता को फोन किया। परिजन दर्द को सामान्य समझते रहे। पहले गांव की क्लीनिक, फिर CHC और बाद में मेडिकल कॉलेज तक दौड़ते रहे। इसी दौरान एक डॉक्टर ने सर्पदंश की आशंका जताई। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
शरीर पर सर्पदंश के नहीं मिले निशान
परिजनों का दावा है कि वे बेटे को बचाने के लिए करीब 12 जगहों तक भटकते रहे, मगर उसकी जान नहीं बच सकी। सबसे हैरानी की बात यह रही कि बबलू के शरीर पर सांप के काटने का कोई स्पष्ट निशान नहीं मिला। परिवार ने सपेरे को बुलाकर पूरे घर की तलाशी भी कराई, लेकिन सांप का कोई पता नहीं चला। रोते-बिलखते पिता कुंवरपाल मौर्य बोले, “अगर पता होता कि बेटे को सांप ने डसा है, तो उसे सीधे इलाज के लिए वहीं ले जाते। मेरी पूरी दुनिया उजड़ गई।”
सदमे में दुल्हन…
उधर, दुल्हन नीतू सदमे में है। शादी की कई रस्में अधूरी रह गईं। जिस घर में शहनाई गूंज रही थी, वहां अब सिर्फ चीख-पुकार और सन्नाटा है। हालांकि, राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं के प्राचार्य डॉ. शिवकुमार ने कहा है कि इमरजेंसी में सर्पदंश का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था। मौत की वास्तविक वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा।









