Bihar : विदेश दौरे से तेजस्वी यादव की वापसी होते ही राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। सीतामढ़ी के पूर्व सांसद अर्जुन राय ने पार्टी से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने फैसले की आधिकारिक जानकारी दी। अर्जुन राय ने कहा कि वह सोमवार, 27 जुलाई को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और बिहार बीजेपी के प्रदेश नेतृत्व से प्रभावित होकर यह फैसला लेने की बात कही। उनका आरोप है कि RJD का मौजूदा कामकाज सही दिशा में नहीं है। सीतामढ़ी के अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने के लिए डबल इंजन सरकार के साथ जुड़ना जरूरी है। उन्होंने पंचायत चुनाव से पहले प्रस्तावित परिसीमन का भी समर्थन किया। अर्जुन राय लंबे समय से पार्टी के अंदरूनी फैसलों से नाराज बताये जा रहे थे। हाल ही में RJD के वरिष्ठ नेता मृत्युंजय तिवारी भी बीजेपी में शामिल हुये थे। ऐसे में अर्जुन राय का जाना पार्टी के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है।
छात्र राजनीति से संसद तक का सफर
अर्जुन राय ने 1994 में छात्र राजनीति से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया। 2000 में RJD के टिकट पर औराई से विधानसभा चुनाव लड़ा। 2005 में JDU में शामिल होकर विधायक बने और 2009 में सीतामढ़ी से सांसद चुने गये। 2014 में लोकसभा चुनाव हारने के बाद 2015 में उन्होंने RJD में वापसी की। पार्टी ने उन्हें 2019 और 2024 में सीतामढ़ी से लोकसभा का टिकट दिया, लेकिन दोनों चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।






