Chaibasa : नक्सलियों ने एक बार फिर सारंडा के घने जंगलों में अपनी दहशत दिखाई है। ‘प्रतिशोध सप्ताह’ के तहत शुक्रवार रात करीब 8 बजे, जराईकेला थाना क्षेत्र के कोलबोंगा गांव में आतंक का तांडव हुआ। करीब 15 हथियारबंद और वर्दीधारी नक्सलियों ने गांव में घुसकर एयरटेल मोबाइल टावर को निशाना बनाया और जेनसेट समेत पूरे उपकरणों में आग लगा दी। देखते ही देखते टावर का सारा सामान जलकर खाक हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि हमले के बाद नक्सलियों ने सख्त चेतावनी दी कि “कोई जंगल की ओर न जाये।” माना जा रहा है कि इस कदम के पीछे उनका मकसद सुरक्षा बलों की आवाजाही और सूचना तंत्र को ठप करना है।
तीन जगह IED धमाके, एक जवान शहीद
पिछले कुछ दिनों में सारंडा में नक्सली हलचल तेज़ हुई है। हाल ही में हुये तीन IED धमाकों में एक जवान की जान चली गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज दिल्ली में चल रहा है। इन धमाकों में तीन हाथियों की मौत भी हो चुकी है। लगातार हो रही वारदातों से सारंडा और आसपास के गांवों में दहशत है। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, जंगल में हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।




