Ranchi : नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की तैयारी तेज हो गई है। चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिये झारखंड के सभी 24 जिलों में बड़ी संख्या में होमगार्ड्स की तैनाती की जायेगी। राज्य भर से कुल 7000 होमगार्ड्स को कॉल-अप किया गया है, जिन्हें मतदान ड्यूटी में लगाया जायेगा। होमगार्ड मुख्यालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, 20 फरवरी से 24 फरवरी 2026 तक कुल पांच दिनों के लिये इन होमगार्ड्स को चुनाव ड्यूटी पर लगाया जायेगा। 25 फरवरी के बाद सभी होमगार्ड्स अपने-अपने जिलों में रिपोर्ट करेंगे, जहां जिला पुलिस कप्तान उन्हें विधि-व्यवस्था की निगरानी में तैनात करेंगे। प्रशासन का कहना है कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिये सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं। बड़ी संख्या में होमगार्ड्स की तैनाती से संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखी जायेगी, ताकि मतदान प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
कॉल-अप के लिये पहले भेजा गया था प्रस्ताव
नगरपालिका चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाये रखने हेतु 7200 गृह रक्षकों की तैनाती की स्वीकृति के लिये पुलिस मुख्यालय ने गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को प्रस्ताव भेजा था। स्वीकृति मिलने के बाद होमगार्ड मुख्यालय ने सभी जिलों को आवश्यक संख्या में गृह रक्षकों के कॉल-अप की मंजूरी दे दी है, ताकि समय पर पुलिस प्रशासन को पर्याप्त बल उपलब्ध कराया जा सके। राज्य के विभिन्न जिलों में तैनात किये जाने वाले होमगार्ड्स की संख्या इस प्रकार है.. रांची 1000, खूंटी 150, रामगढ़ 527, लोहरदगा 50, गुमला 150, सिमडेगा 100, जमशेदपुर 206, चाईबासा 300, सरायकेला 400, धनबाद 700, बोकारो 532, पलामू 400, गढ़वा 300, लातेहार 110, हजारीबाग 200, चतरा 220, कोडरमा 100, गिरिडीह 350, दुमका 150, जामताड़ा 200, साहिबगंज 260, गोड्डा 202, पाकुड़ 100 एवं देवघर 30।












