New Delhi : भारत की स्टार वेटलिफ्टर और ओलंपिक रजत पदक विजेता मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार शुरुआत करते हुये देश को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। महिलाओं के 49 किलोग्राम वर्ग में मीराबाई ने रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करते हुये गोल्ड अपने नाम किया। मीराबाई ने स्नैच में 85 किलोग्राम वजन उठाकर नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने पहले 82 किलोग्राम सफलतापूर्वक उठाया और फिर अपने आखिरी प्रयास में 85 किलोग्राम लिफ्ट कर इतिहास रच दिया।
इसके बाद क्लीन एंड जर्क में 105 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने कुल 190 किलोग्राम (85+105) का स्कोर बनाया। इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने आसानी से स्वर्ण पदक जीत लिया। मीराबाई के इस गोल्ड के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का स्वर्ण पदकों का खाता खुल गया। टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मंच पर उनका मुकाबला करना आसान नहीं है। रिकॉर्ड के साथ जीता गया यह स्वर्ण भारत के अभियान की शानदार शुरुआत माना जा रहा है।






