UP : प्रयागराज जंक्शन पर एक साधारण सी लगने वाली RPF की चेकिंग अचानक सनसनीखेज बन गई। रेलवे सुरक्षा बल को सूचना मिली थी कि “नवादा की एक नाबालिग लड़की महाबोधि एक्सप्रेस से दिल्ली जा रही है, शायद ऑनलाइन जाल में फंसी है।” टीम ने जैसे ही बोगियों की तलाशी ली, चेहरा ढके एक मासूम पर नजर पड़ी। तस्वीर मिलाई गई, पहचान हुई, और लड़की को ट्रेन से उतार लिया गया। यह वाक्या बीते 4 सितम्बर की बताई गई।
नाराज होकर घर से भागी, इंस्टाग्राम ने खोला खतरनाक रास्ता
जांच में सामने आया कि लड़की अपने ही घर की पाबंदियों से नाराज थी, खासकर मोबाइल पर लगे रोक से। इसी गुस्से में उसने घर छोड़ा और दिल्ली जाने की ठानी। इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती पंजाब की एक लड़की से हुई, और उसी जरिये एक पाकिस्तानी युवक उसकी जिंदगी में आया। यही शख्स उसे लगातार मैसेज करता, समझाता और आखिरकार घर छोड़ने को उकसाता रहा।
पाकिस्तानी नंबर और संदिग्ध चैट
चाइल्डलाइन के अधिकारियों ने जब उसके मोबाइल की गहराई से जांच की, तो सच और डरावना हो गया, फोन में कई पाकिस्तानी नंबरों के संपर्क मिले। चैट में दिल्ली, पंजाब तक पहुंचने की योजनाओं के संकेत थे। टिकट बुकिंग के लिये पेटीएम से भेजे गये पैसे और बीच में शामिल बिचौलिये का भी पता चला। प्रयागराज स्टेशन पर जब टीम ने लड़की को रोका, उस वक्त वह फोन पर उसी पाकिस्तानी युवक से बात कर रही थी। लेकिन जैसे ही पुलिस की मौजूदगी का ऐहसास हुआ, लाइन कट गई और लड़की को ब्लॉक कर दिया गया। नवादा के पकरीबरवां थाना क्षेत्र से लापता बताई गई इस लड़की का मामला अब सीमा-पार षड्यंत्र की शक्ल ले चुका है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां यह जांच रही हैं कि क्या यह मामला हनी ट्रैप और मानव तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़ा है।
इसे भी पढ़ें : एक्शन के मैदान में उतरेंगे ‘कैप्टन कूल’, टीजर वायरल…






