Kohramlive : तमिलनाडु के करूर में शनिवार को अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख विजय की रैली मौत का मैदान बन गई। रैली के दौरान मची भगदड़ में 36 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 8 बच्चे और 16 महिलायें शामिल हैं। करूर के अस्पतालों में अफरातफरी मच गई है, कई घायल जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
भीड़ पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विजय के प्रचार वाहन को भारी भीड़ के कारण रोकना पड़ा। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई लोग बेहोश हो गये। मौके पर मौजूद विजय ने खुद कार्यकर्ताओं को पानी की बोतलें दीं और पुलिस से मदद की अपील की, लेकिन हालात काबू से बाहर हो गये। कई लोग अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ चुके थे।
अस्पतालों में अफरातफरी, सीएम ने जताई चिंता
घटना की जानकारी मिलते ही तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी करूर पहुंचे। पूर्व मंत्री और डीएमके नेता वी सेंथिल बालाजी ने बताया कि पहले आंकड़े में 31 मौतें और 58 लोग घायल थे, लेकिन मरने वालों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है। CM एमके स्टालिन ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुये जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को हर संभव सहायता देने का निर्देश दिया। उन्होंने शीर्ष पुलिस अधिकारियों को स्थिति सामान्य करने और राहत कार्य तेज करने को कहा। CM रविवार को करूर का दौरा करेंगे। CM स्टालिन ने आम जनता से अपील की कि राहत कार्य में डॉक्टरों और पुलिस का सहयोग करें। पुलिस ने करूर के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल को आपातकालीन ज़ोन में बदल दिया है। अतिरिक्त डॉक्टरों को बुलाया गया है और घायलों के इलाज के लिए सभी संसाधन झोंक दिये गये हैं।










