Delhi : दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में एक CNG स्टेशन पर अचानक ऐसा धमाका हुआ कि आसपास का इलाका दहल उठा। वाहन में CNG भरी जा रही थी, तभी उसके गैस टैंक में जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गये। धमाके की आवाज सुनते ही मौके पर तहलका मच गया। कुछ ही पलों में वहां मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मौके पर पहुंचे अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि घटना उस वक्त हुई जब एक वाहन में गैस भरी जा रही थी। अचानक वाहन के गैस टैंक में जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट की चपेट में पास में खड़े छह लोग आ गये। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। मौके पर छह दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जरूरी एहतियाती कदम उठाये और स्थिति को काबू में किया। फिलहाल विस्फोट के सटीक कारण का पता नहीं चल पाया है। अग्निशमन विभाग के अधिकारी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।








