Ranchi : राजधानी रांची में बेखौफ चोरों के इस बार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पूर्व राजनीतिक सलाहकार और राज्य खाद्य आयोग के पूर्व अध्यक्ष हिमांशु शेखर चौधरी के बंद घर को निशाना बनाया है। पुंदाग ओपी क्षेत्र में गुरुवार देर रात चोरों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर से नकदी, जेवरात और कीमती सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई है। घटना के समय हिमांशु शेखर चौधरी घर पर मौजूद नहीं थे। वह अपने गांव गोड्डा गये हुये थे। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने ताला तोड़ा और अंदर घुस गये। इसके बाद नकदी, जेवरात समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गये। चोरी की जानकारी आसपास के लोगों को हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही इलाके में हलचल मच गई।
डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलने पर पुलिस डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच की जा रही है, वहीं आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की आवाजाही और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें। फिलहाल चोरी गये सामान की कुल कीमत और घटना में शामिल आरोपियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





