Kohramlive : जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सुरक्षाबलों ने शनिवार को एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुये जंगल में छिपे आतंकियों के ठिकाने का भंडाफोड़ किया। संयुक्त तलाशी अभियान में IED, विस्फोटक, वायरलेस सेट और AK-47 के कारतूस बरामद किये गये हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सुरनकोट सेक्टर के द्राबा इलाके में खुफिया सूचना मिलने के बाद भारतीय सेना की 16 राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) और CRPF की 38वीं बटालियन ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। फिलहाल पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
क्या-क्या मिला?
1 गमला-टाइप IED
1 गोल-टाइप IED
4 छोटे IED
1 मोटोरोला वायरलेस सेट
AK-47 के 7 जिंदा कारतूस
अधिकारियों का कहना है कि समय रहते बरामदगी होने से एक संभावित आतंकी हमला टल गया।
राजौरी में भी कसा शिकंजा
पड़ोसी राजौरी के गंभीर मुगलां, डोरीमाल और थन्नामंडी इलाकों में भी सेना, SOG और CRPF ने संयुक्त अभियान तेज कर दिया है। जंगलों में ड्रोन, हेलीकॉप्टर और स्निफर डॉग्स की मदद से प्राकृतिक गुफाओं की तलाशी ली गई, जहां एक और आतंकी लॉजिस्टिक बेस से IED, राशन और अन्य सामान बरामद हुआ। सुरक्षाबलों का कहना है कि पुंछ-राजौरी बेल्ट में आतंकियों के नेटवर्क और लॉजिस्टिक सपोर्ट सिस्टम को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।















