Bihar : गंगा की लहरें उफान पर थीं, आसमान में आजादी का रंग था और नदी की छाती पर आगे बढ़ रही थीं तिरंगे से सजी रबर नावें। हाथों में राष्ट्रध्वज थामे जब SSB के जांबाज जवान गंगा की लहरों के बीच उतरे, तो पटना का भद्र घाट देखते ही देखते देशभक्ति के रंग में डूब गया। यह सिर्फ तिरंगा मार्च नहीं था। यह उस जज्बे की तस्वीर थी, जिसमें देश की मिट्टी से लेकर उसकी नदियों तक भारत मां के प्रति प्रेम और गर्व बहता नजर आया।
ध्वजारोहण के बाद गंगा में उतरी खाकी की शान
80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भद्र घाट पर SSB के DIG मुन्ना सिंह और इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने जवानों के साथ ध्वजारोहण किया। तिरंगा शान से ऊपर उठा तो जवानों ने उसे सलामी दी। इसके बाद शुरू हुआ वह नजारा, जिसने घाट पर मौजूद लोगों को कुछ पल के लिये ठिठकने पर मजबूर कर दिया। SSB के जवान रबर नावों पर सवार होकर गंगा में उतर गए। किसी नाव पर जवान हाथों में तिरंगा थामे खड़ा था, तो किसी नाव पर राष्ट्रध्वज हवा से जैसे संवाद करता नजर आया। नावें आगे बढ़ती रहीं और गंगा की हर लहर पर तिरंगे की शान और गहरी होती गई। तेज धार, नावों की रफ्तार और हवा में लहराता तिरंगा। गंगा की लहरों पर तिरंगा मार्च करते जवानों ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। साथ ही देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प दोहराया। सीमा से लेकर देश के कोने-कोने में सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे जवानों के साहस, त्याग और समर्पण को भी नमन किया गया।















