UP : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने लाखों छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को बड़ी राहत दी है। बोर्ड ने कक्षा 9वीं और 11वीं में दाखिले के लिए जन्म प्रमाण पत्र की अनिवार्यता खत्म कर दी है। अब जिन छात्रों के पास जन्म प्रमाण पत्र नहीं है, वे आधार कार्ड, परिवार रजिस्टर की नकल या अन्य मान्य दस्तावेजों के आधार पर भी प्रवेश ले सकेंगे।
इस फैसले से खासकर ग्रामीण, गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों को फायदा मिलेगा। अब जन्म प्रमाण पत्र नहीं होने की वजह से किसी छात्र का दाखिला नहीं रुकेगा। प्रयागराज के गौरी पाठशाला इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. विभा पांडे ने बोर्ड के फैसले का स्वागत करते हुये कहा कि जागरूकता की कमी के कारण कई अभिभावक बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र नहीं बनवा पाते थे। इससे हर साल कई छात्रों को प्रवेश में परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि नये नियम से स्कूलों में नामांकन बढ़ेगा, ड्रॉपआउट कम होगा और अभिभावकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर भी नहीं लगाने पड़ेंगे। यह फैसला शिक्षा को अधिक सुलभ और समावेशी बनाने की दिशा में अहम कदम है।















