Kohramlive : रेल के सफर में कई बार टिकट कन्फर्म न होने की चिंता यात्रियों के मन में रहती है। लेकिन अब RAC टिकट लेकर सफर करने वाले यात्रियों के लिये राहत भरी खबर आई है। रेलवे ने साफ कर दिया है कि RAC यात्री भी अब दूसरे यात्रियों की तरह सम्मान और सुविधा के हकदार होंगे। रेल मंत्रालय ने रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन (RAC) यात्रियों को भी पूरी बेडरोल किट उपलब्ध कराने का निर्देश दोबारा जारी किया है।
शिकायतों के बाद रेलवे ने दिखाई सख्ती
रेल मंत्रालय को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि RAC टिकट वाले यात्रियों को AC कोच में सफर के दौरान चादर और कंबल जैसी सुविधायें नहीं मिल पा रही हैं। यात्रियों की परेशानी को देखते हुये रेलवे बोर्ड ने अपने पुराने आदेश को फिर से दोहराते हुये सभी जोनल रेलवे को निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। रेल मंत्रालय ने 4 अगस्त को जारी पत्र में कहा कि अलग-अलग माध्यमों से अब भी RAC यात्रियों को बेडरोल किट नहीं मिलने या कम मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि AC कोच (AC चेयर कार को छोड़कर) में यात्रा करने वाले हर RAC यात्री को भी पूरी बेडरोल किट दी जाये। इसमें उन्हें वही सुविधा मिलेगी जो अन्य कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को मिलती है।
एक सीट, दो यात्री, लेकिन सुविधा में नहीं होगा अंतर
RAC व्यवस्था में एक बर्थ पर दो यात्रियों को बैठकर यात्रा करने की अनुमति होती है। अक्सर यात्रियों को यह चिंता रहती है कि सीट साझा करने के कारण सुविधाएं कम मिलेंगी। अब रेलवे के नये निर्देश के बाद RAC यात्रियों को भी सफर के दौरान चादर, कंबल और अन्य निर्धारित लिनन सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। रेलवे का यह कदम उन लाखों यात्रियों के लिये राहत लेकर आया है, जो RAC टिकट के सहारे अपने सफर की उम्मीद बनाये रखते हैं। अब सफर चाहे कन्फर्म टिकट पर हो या RAC पर, सुविधा और सम्मान में अंतर नहीं होगा। भारतीय रेल का यह फैसला यात्रियों के आरामदायक सफर की दिशा में एक और कदम माना जा रहा है।















