- बरियातू थाना क्षेत्र में एदलहातू स्थित सिंदवार टोली की घटना
- घर के सदस्यों की पिटाई का दृश्य सीसीटीवी कैमरे में कैद
- घटना के पीछे की वजहों का अभी नहीं हो पाया है खुलासा
रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में एदलहातू स्थित सिंदवार टोली में डॉ आनंद सुरीन के घर काम करनेवाली नौकरानी सलोनी होरो ने अचानक घर के बच्चों और महिला पर हमला कर दिया। इसके बाद उसकी खुद की लाश फांसी के फंदे पर झूलती मिली। घर के सदस्यों की पिटाई का दृश्य सीसीटीवी में कैद हो गया है। घटनाक्रम के पीछे की वजहों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। सलोना मूल रूप से खूंटी की रहने वाली थी। वह पिछले आठ वर्षों से डॉक्टर के घर में काम कर रही थी। बरियातू थाना पुलिस ने फंदे से नौकरानी का शव उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीनों घायलों को इलाज के लिए मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चाईबासा में पोस्टेड हैं डॉक्टर
डॉ. सुरीन सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट हैं। चाईबासा में सीआरपीएफ 197 बटालियन में हॉस्पिटल में मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में पोस्टेड हैं। घटना के वक्त वह घर पर नहीं थे। सीसीटीवी कैमरे में जो दृश्य कैद हुए हैं, उसमें नौकरानी घर के ड्राइंग रूम में सोफे पर बैठे दो बच्चों पर अचानक एक रॉड से वार करने लगती है। बच्चे पिटाई से बचने के लिए भागते हुए दिख रहे हैं।
रिनपास में कराया गया था सलोनी का इलाज
बताया जा रहा है कि नौकरानी ने घर की एक महिला सदस्य पर भी हमला किया और इसके बाद खुद को एक कमरे में बंद कर फांसी लगा ली। डॉ. सुरीन ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सलोनी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। 3 जनवरी को रिनपास में उसका इलाज भी करवाया गया था। गुरुवार देर शाम अचानक सलोनी ने लोहे के रॉड से उनकी पत्नी, बेटी और सास पर प्रहार कर दिया। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इस पर सलोनी को पकड़कर लोगों ने एक कमरे में बंद कर दिया। जब रूम खोला तो फंदे पर झूलती मिली उसकी लाश।
इसे भी पढ़ें : फर्जी IAS बन कर रहा था ये सब कारनामे…








