Ranchi : मां की भक्ति हो, आस्था का उजास हो और वातावरण में गूंजते मंत्रों की मधुर ध्वनि तो हर मन अपने आप श्रद्धा से झुक जाता है। राजधानी रांची के महिलौंग में मंगलवार को कुछ ऐसा ही भक्तिमय नजारा देखने को मिला। यहां मां जगद्धात्री की आराधना में पूरा माहौल आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में शीश नवाकर अपने परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। महिलौंग स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण, बिरला नॉलेज सिटी में श्री श्री मां जगद्धात्री पूजा का भव्य आयोजन किया गया। मां जगद्धात्री पूजा समिति, महिलौंग के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि के पावन अवसर पर मां जगद्धात्री की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। भक्तों ने मां के दर्शन कर परिवार में सुख-शांति, जीवन में समृद्धि और समाज में सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की। पूजा के बाद भोग-प्रसाद वितरण का आयोजन भी हुआ। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर मां का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने मां जगद्धात्री की आराधना के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मां जगद्धात्री शक्ति, करुणा, धैर्य और लोककल्याण की प्रतीक हैं। भारतीय सनातन संस्कृति में ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को जीवंत रखने के साथ समाज में एकता, सद्भाव, संस्कार और सामूहिक चेतना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक परंपराएं समाज को एक सूत्र में बांधने और नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। मां जगद्धात्री की कृपा से झारखंड सहित पूरे देश में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव का वातावरण बना रहे, यही उनकी कामना है।
सैकड़ों श्रद्धालु हुये शामिल
धार्मिक आयोजन में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी रही। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, दीपक प्रकाश, महामंत्री मनोज सिंह, मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, सह मीडिया प्रभारी अजय राय, प्रवक्ता आरती कुजूर, मृत्युंजय शर्मा और अशोक बड़ाईक उपस्थित रहे। वहीं, नगर अध्यक्ष वरुण साहू, ग्रामीण अध्यक्ष धीरज महतो, जेलेंद्र कुमार, शशिभूषण भगत, सुबोध सिंह गुड्डू समेत जनप्रतिनिधि, प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी और मंडल अध्यक्षों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूजा में भाग लिया।









