UP : प्यार की जंग में हार से बौखलाये जितेंद्र ने अपनी माशूका के भाई को बहला-फुसला कर बुलाया और फिर उसका गला काट दिया। वहीं, युवक के पेट में भी अंधाधुंध चाकू घोंपा गया। मारे गये युवक की लाश को खींचकर स्टेशन के बाहर फेंक दिया। इसके बाद जितेंद्र पास के ही GRP थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। भीड़-भाड़ वाले इलाके स्टेशन के बाहर यह खौफनाक नजारा देख लोगों का कलेजा दरक गया। उस राह से आते-जाते जिसने यह नजारा देखा, उसके मुख से केवल इतना ही निकला बहके दिलों-दिमाग जो न करायें। हरजाई-बेवफाई और खोटे प्यार की अंतिम परिणति सदा खतरनाक। दिल को झकझोर देने वाली यह वारदात यूपी के इटावा रेलवे स्टेशन के बाहर हुई।
सरेंडर करने के बाद संदेही कातिल जितेंद्र ने पुलिस को दिये अपने बयान में बताया कि पहले उसे प्रेमिका से पत्नी बनी लड़की से दूर कर दिया गया और फिर प्रेमिका का भाई उससे दो लाख रुपये की डिमांड कर रहा था, वहीं रूपये नहीं देने पर झूठे केस में फंसा देने की धमकी दे रहा था। तंग-तबाह होकर उसने यह कांड कर दिया। संदेही कातिल जितेंद्र बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के गोरिया गांव का रहनेवाला है। वह मारे गये युवक के नर्सरी में ही काम करता था। नर्सरी में काम करने के दरम्यान नर्सरी मालिक की बेटी से उसे प्यार हो गया। दोनों एक दूसरे के बेहद करीब आ गये। यह नर्सरी सिविल थाना क्षेत्र के आंबेडकर चौराहा के पास है, वहीं जितेंद्र फ्रेंड्स कॉलोनी में एक किराये के मकान में रहता है।
लड़की के घरवाले जितेंद्र को नापसंद करते थे, वहीं नर्सरी मालिक की बेटी ने अपने घरवालों के मर्जी के खिलाफ जाकर बीते साल जनवरी में एक मंदिर में जितेंद्र से शादी कर ली। इसके बाद दोनों बरेली चले गये। इस बीच लड़की की मां ने जितेंद्र के खिलाफ अपनी बेटी को अगवा करने का केस दर्ज करा दिया। मामला कोर्ट तक पहुंच गया। कोर्ट में लड़की ने अपने प्रेमी जितेंद्र के खिलाफ बयान दे दिया। जिसके बाद कोर्ट ने लड़की को उसके घरवालों के साथ भेज दिया। घरवाले लड़की की शादी कहीं और करने की फिराक में थे, ये भनक जितेंद्र को लग गई। वह बौरा गया और भयानक इरादा बना लिया।
किसी बहाने उसने लड़की के भाई को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के स्टेशन बजरिया में एक कैंटीन में बुलाया। दोनों कोल्ड ड्रिंक पी रहे थे, तभी दोनों में खूब कहासुनी होने लगी। एक चश्मदीद ने पुलिस को बताया कि कहासुनी के बाद जितेंद्र ने युवक के पेट में चाकू घोंप दिया और फिर उसका गला काट दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद मौके पर कई छोटे-बड़े पुलिस अधिकारी पहुंचे। पूरे मामले की गहराई से तफ्तीश की जा रही है।












